नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने औरंगाबाद जिले में एनएच-139 पर कुटुंबा प्रखंड स्थित बटाने नदी पर निर्मित पुल के क्षतिग्रस्त होने को लेकर बिहार सरकार के मुख्य सचिव एवं पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि उक्त पुल का निर्माण कुछ ही वर्ष पूर्व कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य में अनियमितता एवं गुणवत्ता की कमी के कारण प्रारंभ से ही इसमें तकनीकी खामियां मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि पुल में समस्या आने के बाद पूर्व में आवागमन बंद कर डायवर्सन के माध्यम से यातायात चालू कराया गया था तथा पुल के ऊपरी हिस्से की मरम्मत भी कराई गई थी, जिस पर सरकार के कई करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च हुए थे।
उन्होंने कहा कि अब पुनः पुल क्षतिग्रस्त होकर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। संभावित दुर्घटना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से पुल पर परिचालन बंद कर दिया गया है और फिलहाल वैकल्पिक मार्ग से यातायात संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक मार्ग लंबा होने के कारण लोगों का समय एवं ईंधन दोनों अधिक खर्च हो रहे हैं।
पूर्व सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में महंगे ईंधन और उसकी सीमित उपलब्धता के कारण आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि जनहित को देखते हुए पुल के बगल में अविलंब लो लेवल ब्रिज अथवा पक्का एवं मजबूत डायवर्सन का निर्माण कराया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से जारी रह सके।
उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुल की विशेष मरम्मत अथवा नए पुल के निर्माण में लंबा समय लग सकता है, इसलिए आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाना अत्यंत जरूरी है।