नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधि नरेंद्र गांव में शनिवार देर रात एक दिव्यांग व्यक्ति की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान प्रबोधि नरेंद्र गांव निवासी शंकर सिंह के रूप में हुई है, जो दिव्यांग थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात भोजन करने के बाद वह घर के बगल में स्थित फूस के मकान में सोने चले गए थे। रविवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर उनके भाई उन्हें देखने पहुंचे। कमरे के अंदर शंकर सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उनका गला कटा हुआ था, जिससे उनकी मौत हो चुकी थी। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि शंकर सिंह पांच भाइयों में एक थे। एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अविवाहित और दिव्यांग होने के कारण वह घर के समीप बने अलग फूस के मकान में अकेले रहते थे। परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी होने की जानकारी उन्हें नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाद में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले की जांच के दौरान सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट अथवा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।