नवबिहार टाइम्स संवाददाता
जमालपुर (मुंगेर)। बिहार में एक्यूप्रेशर चिकित्सा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को दरियापुर में बिहार एक्यूप्रेशर योग कॉलेज, पटना की जमालपुर शाखा का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिले के 50 एक्यूप्रेशर चिकित्सकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पटना से एक्यूप्रेशर विश्वविद्यालय के सचिव डॉ अजय प्रसाद ने कहा कि राज्य में एक्यूप्रेशर चिकित्सा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में महाविद्यालय स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि जमालपुर में शाखा की स्थापना डॉ मुकेश के अथक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि एक्यूप्रेशर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। उनका मानना है कि इस चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार से स्वास्थ्य जागरूकता और स्वरोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जमालपुर शाखा की प्रिंसिपल नूतन कुमारी के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस मौके पर डॉ मुकेश ने कहा कि 26 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद जमालपुर में एक्यूप्रेशर कॉलेज की स्थापना संभव हो सकी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस संस्थान के माध्यम से अधिक से अधिक लोग एक्यूप्रेशर चिकित्सा के बारे में जानेंगे, समझेंगे और इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में दयानंद प्रसाद, कमल नारायण साहू, रंजीत कुमार, अमित कुमार, डॉ वीरेंद्र तथा एमपी अकेला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।