नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार में 1799 पुलिस अवर निरीक्षक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को लेकर पटना में एक बार फिर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET और अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
आयोग की ओर से इसका नोटिस जारी किया गया है। बिहार सरकार के गृह विभाग के आदेश के बाद भर्ती के अगले चरण को टालने का फैसला लिया गया है। आयोग के इस निर्णय के बाद दरोगा अभ्यर्थी एक बार फिर गर्दनीबाग में धरने पर बैठ गए हैं। अभ्यर्थी सरकार और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग से PET की नई तारीख जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं। धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के हाथों में पोस्टर हैं, जिन पर 1799 बिहार दारोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख जारी करने की मांग लिखी है।
पोस्टर लेकर सरकार से कर रहे विनम्र अपील
गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए लंबे समय से तैयारी की है। अभ्यर्थी पोस्टर के जरिए BPSSC और बिहार सरकार से PET की तारीख जल्द घोषित करने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है, “PET जांच के साथ-साथ हमारा भी दुख सरकार समझे। हमारी मेहनत, हमारा सपना, हमारा अधिकार, हमारी मांगों को देखें।” अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार तारीख टलने से उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को देना था PET
दरअसल, मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ अभिलेख सत्यापन में शामिल होना था। सितंबर-अक्टूबर में इन दोनों प्रक्रियाओं के आयोजन की तैयारी थी, लेकिन अब आयोग ने दोनों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. नई तारीख कब जारी होगी, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। इस फैसले के बाद उन अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है, जो मुख्य परीक्षा में सफल होने के बाद PET की तैयारी कर रहे थे। अब अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से नई तारीख जारी किए जाने का इंतजार है।
1799 दारोगा भर्ती में जांच की भी उठी थी मांग
1799 दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर इससे पहले गर्दनीबाग में छात्र आंदोलन हुआ था। आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने परीक्षा में धांधली के भी आरोप लगाए थे। इसी मुद्दे को लेकर छात्रों और सरकार के बीच बातचीत भी हुई थी।
शिक्षा विभाग के सचिव के साथ बैठक में उठा था मामला
गुरुवार को शिक्षा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक में कई छात्र मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा की जांच का मामला भी शामिल था। बातचीत के दौरान 1799 दारोगा भर्ती परीक्षा से जुड़े मामले को परीक्षा सुधार के लिए गठित होने वाली कमेटी के सामने रखने का फैसला किया गया था।
तय किया गया कि शिकायतकर्ता अपने पास मौजूद साक्ष्यों के साथ कमेटी के सामने अपनी बात और सुझाव रख सकेंगे। कमेटी की रिपोर्ट और उसके आधार पर लिए जाने वाले फैसले के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आयोग के आदेश के बाद PET और अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया रुक गई है और अभ्यर्थी नई तारीख के साथ भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।