नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार विधान परिषद की 8 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो गई है। चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
इन 8 सीटों में 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होना है।
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन के बाद चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम सामने आएंगे।
इस बार जिन 8 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव होना है, उनमें पटना, दरभंगा, सारण और तिरहुत की शिक्षक सीटें तथा पटना, दरभंगा, कोसी और तिरहुत की स्नातक सीटें शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन आठ सीटों पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। अलग-अलग दलों ने पहले से ही उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों पर काम शुरू कर दिया है। जन सुराज भी इन चुनावों को लेकर सक्रिय है। पार्टी ने पांच सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर दिए हैं, जिनमें पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, सारण शिक्षक, दरभंगा स्नातक और कोसी स्नातक सीटें शामिल हैं। वहीं, अन्य राजनीतिक दल भी अपने उम्मीदवारों को लेकर तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में अब नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद आठों सीटों पर चुनावी तस्वीर और साफ होगी।
बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन शुरू होगा। 6 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख होगी। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
मतदान के चार दिन बाद यानी 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव के परिणाम से बिहार विधान परिषद में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की राजनीतिक तस्वीर में बदलाव देखने को मिल सकता है।