5 अक्टूबर को औरंगाबाद जिले की सीमा में संडा गांव के रास्ते प्रवेश करेगी बाइक सेवा यात्रा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि बडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक मोटरसाइकिल से निकाली जा रही सेवा यात्रा के माध्यम से देशवासियों के बीच शांति, सद्भाव, सेवा, विकास और विकसित भारत का संदेश पहुंचाया जा रहा है। यह यात्रा सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का काम करेगी।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने शनिवार को औरंगाबाद में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बाइक सेवा यात्रा में 25 सदस्य शामिल हैं। यह यात्रा आगामी 5 अक्टूबर को औरंगाबाद जिले की सीमा में संडा गांव के रास्ते प्रवेश करेगी, जहां इसका भव्य एवं व्यापक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा के औरंगाबाद पहुंचने पर भाजपा की बिहार इकाई के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जिले में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बारुण में स्वास्थ्य शिविर और महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं अन्य स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि बाइक सेवा यात्रा के सफल आयोजन को लेकर उन्होंने शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रियों के आगमन से लेकर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन तक सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि यात्रा का उद्देश्य प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सके।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह चंद्रवंशी, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास सिंह, जिला प्रवक्ता उज्जवल कुमार आदि मौजूद रहे।