नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनार पंचायत के गंगा बिगहा गांव में एक मनहूस सुबह ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार की शाम से जो आंचल अपने ढाई साल के जिगर के टुकड़े, भोला कुमार को ढूंढने के लिए बेचैन था, शुक्रवार की उगती हुई सूरज की रोशनी ने उस मां की उम्मीदों को हमेशा के लिए बुझा दिया। विकास यादव का यह मासूम बेटा गुरुवार शाम से अचानक लापता हो गया था। परिवार के लोग रातभर दीये लेकर और सहमते दिलों के साथ अपने लाडले को कोने-कोने में तलाशते रहे। हर एक गुजरते पल के साथ परिजनों की सांसें अटक रही थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह रात इस परिवार के लिए इतनी काली साबित होगी।
शुक्रवार की सुबह जैसे ही गांव के समीप माली रजवाहा नहर की झाड़ियों में एक नन्हे बच्चे का शव मिलने की खबर फैली, कोहराम मच गया। जब बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान अपने प्यारे भोला के रूप में की, तो वहां चीख-पुकार मच गई। मासूम के शव को इस हालत में देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में जहां एक तरफ गहरी खामोशी और मातम पसरा है, वहीं दूसरी तरफ इस अमानवीय घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, सब इंस्पेक्टर सुदीश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रभूषण भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि नहर की झाड़ी से ढाई वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नहर तक कैसे पहुंचा, इसकी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद बच्चे की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल के आसपास भी जांच कर रही है।
दुखी परिजनों का आरोप है कि उनके मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई है और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को नहर की झाड़ियों में फेंका गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस हंसते-खेलते बच्चे की मौत ने पूरे गांव को अंदर से झकझोर कर रख दिया है।