नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। थाना क्षेत्र के भुईयां बिगहा के समीप केशराड़ी निवासी किसान 50 वर्षीय कुंदन यादव हत्याकांड मामले में दाउदनगर पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्राथमिकी अभियुक्त उज्जवल नारायण उर्फ कंचन कुमार एवं आनंद कुमार शामिल हैं।
मंगलवार दोपहर दाउदनगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि भुईयां बिगहा के पास बाइक सवार अपराधियों ने किसान कुंदन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ, पुलिस इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर दाउदनगर थाना कांड संख्या 338/26 सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया, जिसमें पांच नामजद एवं दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों को अभियुक्त बनाया गया।
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक कुमार दास के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना से पूर्व रेकी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली जाएगी।
प्रेस वार्ता में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार भी उपस्थित रहे।