नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT) का उद्घाटन मंत्री, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार रमा निषाद, विधायक, ओबरा प्रकाश चंद्र एवं जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
लगभग 30.61 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संक्रमण से बचाव के लिए यहां HEPA फिल्टर की व्यवस्था की गई है, जिससे नेत्र, प्रसव, हड्डी आदि से संबंधित सर्जरी में संक्रमण के जोखिम को कम करने में सहायता मिलेगी।
मॉड्यूलर OT में तापमान एवं नमी के नियंत्रण, आधुनिक उपकरणों के एकीकरण तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से पारंपरिक ऑपरेशन थिएटर की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी वातावरण में मरीजों को सर्जिकल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में मॉड्यूलर OT की सुविधा उपलब्ध होने से अनुमंडल क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं आधुनिक शल्य चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी तथा उन्हें गंभीर अथवा आवश्यक ऑपरेशन के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भरता कम होगी।
जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उक्त अवसर पर सिविल सर्जन, औरंगाबाद डॉ कृष्ण कुमार, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, डीपीएम स्वास्थ्य अनवर आलम उपस्थित थे।