सिर पर चोट के निशान, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मरांची थाना क्षेत्र के भगत टोला के समीप रविवार सुबह झाड़ियों में मवेशी कारोबारी रामप्रवेश सिंह (41) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव आरोपी के घर के दालान के पास स्थित बांसवाड़ी में एक गड्ढे से बरामद किया। मृतक के सिर पर ईंट-पत्थर से चोट के निशान मिले हैं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रामप्रवेश सिंह गाय-भैंस की खरीद-बिक्री में मध्यस्थता का काम करते थे। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह मवेशी खरीद-बिक्री के सिलसिले में रामपुर डुमरा गए थे। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
मृतक की पत्नी मीणा देवी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे उनकी रामप्रवेश से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान फोन के दूसरी ओर शराब पीने और साथ मौजूद लोगों के बीच विवाद की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसी बीच अचानक फोन बंद हो गया। इसके बाद रामप्रवेश से कोई संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रामप्रवेश को अत्यधिक शराब पिलाने के बाद उनकी हत्या की गई है। उनका कहना है कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिजनों ने शनिवार शाम मरांची थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ से मिली जानकारी और निशानदेही के आधार पर भगत टोला के समीप से रामप्रवेश सिंह का शव बरामद किया गया। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए।
मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि मवेशी कारोबारी का शव करीब 36 घंटे बाद भगत टोला के समीप से बरामद किया गया है। मामले में मरांची गांधी टोला निवासी मंगल भगत को गिरफ्तार किया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।