किसानों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह, कहा- शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के लिए बाहर जाने की जरूरत न पड़े
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित बिहार बनाना जरूरी है। विकसित बिहार के निर्माण में किसानों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। जब बिहार के गांव और किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे, तभी राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
श्री वैभव रविवार को औरंगाबाद के जसोइया स्थित मां मुंडेश्वरी राइस मिल परिसर में भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल शरण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किसान सम्मान समारोह और एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। समारोह में कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक दर्जन से अधिक किसानों को पुलिस महानिरीक्षक ने सम्मानित किया।

पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे बढ़ाना जरूरी है। विकसित बिहार का अर्थ केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि ऐसा बिहार बनाना है जहां शिक्षा, रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए किसी व्यक्ति को दूसरे राज्य में जाने की मजबूरी नहीं हो। उन्होंने कहा कि राज्य में ही बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मगध का इतिहास गौरवशाली रहा है और इस क्षेत्र ने देश को दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मगध के किसानों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होगी। किसान न केवल अन्नदाता हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव भी हैं।
श्री वैभव ने कहा कि किसान जमीन से जुड़े होते हैं। यदि गांव का एक-एक किसान शिक्षा और नई तकनीक के प्रति जागरूक होकर अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में प्रयास करे तो इसका सकारात्मक असर पूरे परिवार, गांव और राज्य पर पड़ेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और राज्य के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, नई संभावनाओं की जानकारी लेने और अपनी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करने की अपील की। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि कृषि को मजबूत किए बिना ग्रामीण बिहार के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल शरण सिंह ने कहा कि वर्ष 2011 से किसान सम्मान समारोह की शुरुआत की गई है। किसानों के सम्मान और उनके योगदान को समाज के सामने लाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत के कारण ही हम सभी को भोजन उपलब्ध होता है। इसलिए किसानों का सम्मान करना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारा नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है।
श्री सिंह ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है। पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने से पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और अच्छी बारिश होने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यक्रम में सभी किसानों को एक-एक पौधा देकर लोगों से पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में गायिका तान्या मौआर ने अपनी सुरों से लोगों को झुमाया। संचालन अजहर आलम राजदां ने किया। मौके पर पूर्व आइपीएस अधिकारी बीके सिंह, महिंद्रा ट्रैक्टर के स्टेट हेड बलवीर चौधरी, मां मुंडेश्वरी ग्रुप ऑफ कंपनी के सीइओ गौरव सिंह, राकेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।