सड़क किनारे इकठ्ठा बालू बना जानलेवा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर-नासरीगंज सोनपुल के पास एक अज्ञात वाहन और बाइक की टक्कर में 30 वर्ष के युवक की मौत हो गई। घटना की वजह सड़क किनारे बिखरा हुआ बालू बताया जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी। मुआवजा की मांग की। पुलिस प्रशासन ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के लखन मोड़ कुम्हार टोली, वार्ड संख्या 22 निवासी अर्जुन प्रजापति के 30 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र कुमार सोमवार को सुबह करीब 09:30 बजे बाइक से आरा में आयोजित सहायक शिक्षा पदाधिकारी (एडीओ) की परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान सोन पुल के पास सड़क किनारे पड़े बालू के ढेर के कारण अनियंत्रित एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और काफी देर तक वहीं पड़े रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दाउदनगर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से सड़क किनारे बालू जमा होने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहनों के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न होती है। कई बार प्रशासन से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिसका नतीजा इस तरह के हादसों के रूप में सामने आ रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शहीद प्रमोद सिंह चौक के पास सड़क जाम किया। करीब एक घंटे तक सड़क पर अफरातफरी और जाम की स्थिति बनी रही, हालांकि वाहन धीरे-धीरे चलते रहे।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार, एसआई सुदीश कुमार, एसआई कमलेश कुमार एवं एएसआई उदय चंद्र चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं ओबरा विधायक डा. प्रकाश चंद्र के निर्देश पर वार्ड पार्षद भूपेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों ने विधायक से फोन पर बातचीत की, जिन्होंने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद नगर परिषद के शव वाहन से शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।