नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को धनबाद पहुंचकर समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालय, आंतरिक संसाधनों और एसआईआर-2026 की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, डीडीसी, एसडीएम समेत सभी अंचल अधिकारियों ने भाग लिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दाखिल-खारिज के मामलों में तय समय सीमा का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
धनबाद पहुंचने पर प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता को सर्किट हाउस में जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे समाहरणालय पहुंचे, जहां राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालय, आंतरिक संसाधनों और एसआईआर-2026 की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी अंचल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कहा कि दाखिल-खारिज के मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें।
आयुक्त ने एसआईआर-2026 की प्रगति पर संतोष जताते हुए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि फॉर्म वितरण, सत्यापन और डिजिटलीकरण का कार्य लक्ष्य के अनुरूप चल रहा है। शहरी क्षेत्रों में कुछ व्यावहारिक चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें दूर करने में जुटा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताj नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।