नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि गया जी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गया टाउन में विगत कुछ दिनों से पेयजल आपूर्ति की समस्या लगातार सामने आ रही थी। आम नागरिकों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नगर निगम के उपायुक्त से इस विषय पर विस्तार से बातचीत की।
नगर निगम उपायुक्त ने बताया कि पूर्व में गया शहर की जलापूर्ति का कार्य बुडको (बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम) द्वारा किया जा रहा था, लेकिन बुडको का टेंडर अवधि जून माह में समाप्त हो चुका है। इसी कारण जलापूर्ति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बुडको द्वारा जलापूर्ति का कार्य नगर निगम को हस्तांतरित कर दिया गया है, लेकिन विभागीय मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण नगर निगम अब तक इसे अपने अधिकार क्षेत्र में पूरी तरह संचालित नहीं कर सका है।
इस स्थिति को गंभीर मानते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने नगर निगम उपायुक्त से वार्ता के पश्चात विभागीय मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को पत्र लिखकर गया नगर निगम को पेयजल आपूर्ति, संचालन एवं रखरखाव से संबंधित विषयों पर शीघ्र विभागीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।डॉ. प्रेम कुमार ने यह भी बताया कि जलापूर्ति से जुड़े कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण समस्या और अधिक गंभीर हो गई थी।
हालांकि जिलाधिकारी से बातचीत कर तत्काल हस्तक्षेप कराया गया, जिसके बाद फिलहाल जलापूर्ति की समस्या का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गया शहर के नागरिकों को निर्बाध और सुचारु पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।