नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अग्निशमन सप्ताह के अवसर पर मसौढ़ी में आग से बचाव, सुरक्षा और जागरूकता को लेकर बुधवार को स्कूली छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी का शुभारंभ एसडीएम अभिषेक कुमार एवं डीएसपी मंजीत कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रभात फेरी अग्निशमन कार्यालय से शुरू होकर ब्लॉक रोड, स्टेशन रोड होते हुए गांधी मैदान तक पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नारे लगाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा, बचाव और सतर्कता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग के डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत वीरगति प्राप्त अग्नि कर्मियों का बलिदान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मॉक ड्रिल कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने बताया कि मुंबई बंदरगाह पर भीषण आग की घटना में 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी, जिनकी स्मृति में देशभर में यह सप्ताह मनाया जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि फायर सर्विस वीक 2026 (14 से 20 अप्रैल) के दौरान इस वर्ष का थीम “सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज अग्नि निवारण के लिए एकजुट प्रयास” रखा गया है। इस थीम के तहत स्कूलों में मजबूत अग्नि सुरक्षा प्रणाली, कर्मचारियों का प्रशिक्षण और आपातकालीन निकासी की तैयारी पर जोर दिया जा रहा है। वहीं अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और जीवन रक्षक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही आम जनता के बीच अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आगजनी की घटनाओं को कम करने और बचाव के उपायों को अपनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।