नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। लालकिले का ऐतिहासिक मैदान एक बार फिर प्रभु श्रीराम की भक्ति, संस्कृति और आस्था के रंग में रंगने को तैयार है। देश की प्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी की भव्य रामलीला के लिए रविवार को लालकिला मैदान में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। भूमि पूजन के साथ ही 2026 की रामलीला के भव्य आयोजन का शंखनाद हो गया।कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक होगा, जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। वृंदावन, मथुरा और दिल्ली से आए विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन की रस्म पूरी कराई। इस दौरान सांसद प्रवीण खंडेलवाल और रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सांसद बांसुरी स्वराज का बयान:- सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। रामलीला के माध्यम से प्रभु श्रीराम की मर्यादा और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ कमेटी सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
हाईटेक मंचन, एक लाख दीप और 5100 तुलसी के पौधे:- इस बार रामलीला को तकनीक और भव्यता का नया रंग देने की तैयारी है। अध्यक्ष अर्जुन कुमार के मुताबिक ‘घर-घर राम, घर-घर तुलसी’ अभियान के तहत 5100 युवाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए जाएंगे। दशहरा पर्व पर एक लाख दीपों से प्रभु श्रीराम का विशाल चित्र बनाया जाएगा। वहीं हाईटेक डिजिटल तकनीक के जरिए रामलीला का मंचन होगा।
टेलीविजन पर होगा सीधा प्रसारण:- कमेटी के अनुसार रामलीला का लगभग 100 देशी-विदेशी टेलीविजन चैनलों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस बार बॉलीवुड के करीब 40 फिल्म कलाकार भी रामलीला के विभिन्न प्रसंगों में अपनी भूमिका निभाते नजर आएंगे। यानी लालकिले का मंच इस बार आस्था, अभिनय और आधुनिक तकनीक के अनोखे संगम का गवाह बनेगा।
समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:- कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि भूमि पूजन समारोह में सांसद बांसुरी स्वराज, योगेंद्र चंदोलिया, प्रवीण खंडेलवाल, रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक अशोक गोयल देवरहा, अनिल शर्मा, विशेष रवि, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, पूर्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही प्रस्तुत किए गए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भूमि पूजन समारोह में कमेटी के पदाधिकारी सत्यभूषण जैन, संदीप भूटानी, अंकुर गोयल, राजकुमार गुप्ता, गौरव सूरी, लोकेश बंसल, राजेश वर्मा, अनिल गुप्ता, अशोक कटारिया, विशाल गुप्ता, राजकुमार कश्यप, संजय वर्मा, मदन अग्रवाल, प्रवीण सिंघल, वीरू सिंधी, अतुल गुप्ता, मुकुल गुप्ता, संजय जैन, प्रशांत मलिक, दीनानाथ सोनकर, सुनील कुमार, निशांत गुप्ता और राजा पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। भूमि पूजन के साथ साफ है- इस बार लालकिले का मैदान सिर्फ रामलीला का मंच नहीं बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का भव्य केंद्र बनने जा रहा है।