घोसवारी के मिल्की गांव और मोकामा के तपस्वी गंगा घाट पर हुई घटनाओं से पसरा मातम, दोनों जगह चला बचाव अभियान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। कर्मा पूजा के उल्लास के बीच मोकामा और घोसवारी इलाके में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया। घोसवारी प्रखंड के सम्यागढ़ थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में पोखर में स्नान करने गई 11 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। वहीं, मोकामा थाना क्षेत्र के तपस्वी गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में शोक का माहौल है।
मिल्की गांव निवासी नीतीश कुमार की 11 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी कर्मा पूजा के अवसर पर अपनी सहेलियों के साथ गांव के समीप स्थित पैन (पोखर) में स्नान करने गई थी। स्नान के दौरान शिवानी और उसकी एक सहेली अचानक गहरे पानी में चली गईं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि शिवानी गहरे पानी में चली गई। इसके बाद ग्रामीणों ने पोखर में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद शिवानी को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सम्यागढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पर्व के दिन हुई बच्ची की मौत से मिल्की गांव में मातम पसर गया है।
दूसरी घटना मोकामा थाना क्षेत्र के तपस्वी गंगा घाट की है। कौवाभोग निवासी आदित्य कुमार अपने दो दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचा था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना के बाद उसके साथ आए दोनों दोस्त वहां से चले गए।
बताया जाता है कि आदित्य के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी मां मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। बच्चे के गंगा में लापता होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर मोकामा नगर परिषद के चेयरमैन निलेश कुमार माधव दलबल के साथ तपस्वी घाट पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मोकामा थाने की पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाशी अभियान चला रही है। देर शाम तक आदित्य की तलाश जारी थी।