9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है पोषण माह
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में औरंगाबाद जिला अंतर्गत 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक 9वा राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में पोषण माह के दौरान जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज देव परियोजना अंतर्गत केताकी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर महिलाओं के साथ पोषण के विषय पर चर्चा आयोजित की गई। चर्चा के दौरान महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, दैनिक भोजन में विभिन्न पोषक तत्वों को शामिल करने तथा बच्चों एवं परिवार के बेहतर पोषण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक करते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।
वहीं, बारुण स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर भी पोषण माह के अंतर्गत व्यापक पोषण जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार के पोषण एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों एवं अभिभावकों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोषण मेला आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के पौष्टिक आहार एवं पोषण संबंधी जानकारी को प्रदर्शित किया गया।
इसके अतिरिक्त, आंगनवाड़ी केंद्र पर ECCE (Early Childhood Care and Education) गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों को खेल-खेल में पोषण की जानकारी दी गई। विभिन्न मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन, विभिन्न खाद्य पदार्थों तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में सहज तरीके से समझाया गया।
पोषण माह के दौरान जिले में इस प्रकार की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं अभिभावकों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।