जमुई कांड और कानून-व्यवस्था पर विपक्ष के हमलों का दीपक प्रकाश ने दिया जवाब, बोले- ‘पहले अपने गिरेबान में झांकें’
बेताब अहमद
पटना। चुनाव आयोग के अंदरूनी कामकाज को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच आयोग का यह बयान कि ‘सभी फैसले सर्वसम्मति से होते हैं’, एक नया सियासी मोड़ ले चुका है। बिहार की राजनीति में भी इसकी गूंज साफ सुनाई दे रही है। एनडीए सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने जहां इसे दूध का दूध और पानी का पानी होना बताया है, वहीं विपक्ष के तेवरों को देखते हुए यह विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। दिलचस्प बात यह है कि इस बहाने बिहार की कानून-व्यवस्था और जमुई कांड जैसे संवेदनशील स्थानीय मुद्दों पर भी सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तलवारें खिंच गई हैं, जिससे आने वाले दिनों में यह टकराव और बढ़ने के आसार हैं।
बिहार में गैराज ऑपरेटर की हत्या और जमुई कांड की नाबालिग पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर होने के विवाद को लेकर नीतीश-सम्राट सरकार पूरी तरह से फ्रंटफुट पर आ गई है। इन मुद्दों पर विपक्ष के चौतरफा हमलों का जवाब देते हुए राज्य के मंत्री दीपक प्रकाश ने कड़ा रुख अपनाया है। जमुई मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से तस्वीर शेयर होने के विवाद पर उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि विरोधी नेताओं को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, क्योंकि हर कोई जानता है कि उनके शासनकाल में राज्य का क्या माहौल था। वहीं, राज्य की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मंत्री ने गैराज ऑपरेटर की हत्या को दुखद बताया, लेकिन साथ ही आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है।
आयोग द्वारा शनिवार को जारी प्रेस नोट में यह साफ किए जाने के बाद कि सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की पूर्ण सहमति और सर्वसम्मति से लिए गए हैं, बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने इसका जोरदार स्वागत किया है। रविवार को मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि आयोग के स्पष्टीकरण के बाद अब किसी भी तरह के भ्रम या संदेह की गुंजाइश नहीं बची है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्षी नेताओं द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, “आयोग ने सब कुछ साफ कर दिया है। अगर विपक्ष को अब भी कोई शक है, तो उनके लिए आगे का रास्ता खुला है, वे कहीं भी जा सकते हैं।”