नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कोडरमा। कोलकाता में आयोजित 15वें शार्ट्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में कोडरमा के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक डा. बीरेंद्र कुमार और विपिन जाते को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कोलकाता में आयोजित इस फिल्म महोत्सव में राजवीर आर्ट्स प्रोडक्शन हाउस की शार्ट फिल्म ‘लूटन सिंह बनेंगे प्रधानमंत्री’ को ज्यूरी मेंशन अवार्ड, जबकि म्यूजिक वीडियो ‘तुमसे प्यार हो गया’ को बेस्ट म्यूजिक वीडियो ज्यूरी अवार्ड प्रदान किया गया।
पुरस्कार मिलने पर डा. बीरेंद्र कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि लगातार मिल रहे सम्मान से उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर शॉर्ट फिल्म और म्यूजिक वीडियो का निर्माण करती रही है। उन्होंने कहा कि ‘लूटन सिंह बनेंगे प्रधानमंत्री’ वर्तमान राजनीतिक परिवेश पर आधारित व्यंग्यात्मक फिल्म है, जो महज 15 मिनट में जनप्रतिनिधियों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश देती है।
वहीं, म्यूजिक वीडियो ‘तुमसे प्यार हो गया’ के माध्यम से पढ़ाई और नौकरी के दौरान बनने वाले रिश्तों की वास्तविकता को दर्शाने का प्रयास किया गया है। सह-निर्माता विपिन जाते ने कहा कि उनकी फिल्मों में सामाजिक जरूरतों और दर्शकों की पसंद के साथ तकनीकी गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। यही कारण है कि उनकी प्रस्तुतियों को विभिन्न मंचों पर लगातार सम्मान मिल रहा है।