नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दानापुर। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और महत्वपूर्ण ट्रेनों में की गई इस कार्रवाई के दौरान 3021 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे दंड एवं किराये के रूप में कुल 27,43,250 रुपये की वसूली की गई।
पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर रेल यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल में समय-समय पर विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किए जाते हैं। इसी कड़ी में 7 जुलाई 2026 को वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर के नेतृत्व में मंडल के प्रमुख स्टेशनों तथा विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के लिए विशेष टिकट जांच दलों का गठन किया गया, जिन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे यात्री मिले जो बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे थे। सभी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना और अतिरिक्त किराया वसूला गया।
रेल प्रशासन के अनुसार इस विशेष अभियान का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला। अभियान के दौरान एवं उसके बाद रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इससे यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि हुई है।
दानापुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले हमेशा वैध एवं उचित श्रेणी का टिकट अवश्य लें। इससे न केवल अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सकेगा, बल्कि रेल यात्रा भी अधिक सुगम और व्यवस्थित बनेगी।
रेल प्रशासन ने कहा कि मंडल में बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने, रेलवे के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।