कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विशेष अग्नि अंकेक्षण एवं मॉकड्रिल आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थानों में हुई अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए आज औरंगाबाद जिले के महत्वपूर्ण कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में तत्काल अग्नि सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।

इस क्रम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी, औरंगाबाद प्रभा कुमारी, सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अंतरा कुमारी, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी रामाकांत सिंह, अग्निक चालक मंजीत कुमार पाण्डेय एवं अन्य कर्मियों द्वारा कर्मा रोड, औरंगाबाद स्थित भास्कर क्लासेस एवं कृष्णा ट्यूटोरियल में अग्नि अंकेक्षण किया गया।
साथ ही संभावित भीषण अग्निकांड की स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने हेतु इवैक्यूएशन प्लान (Evacuation Plan) के माध्यम से मॉकड्रिल का आयोजन कर बाहर निकलने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

इसी प्रकार अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी सोनाली कुमारी एवं अन्य कर्मियों द्वारा दाउदनगर के मौलाबाद स्थित लक्ष्य कोचिंग सेंटर, न्यूटन कोचिंग सेंटर, द एम क्लासेस एवं ज्ञानकुंज क्लासेस में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अग्नि अंकेक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रखंड अग्निशामालय रफीगंज एवं नवीनगर द्वारा कुल 3 कोचिंग संस्थानों तथा 3 लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अग्नि अंकेक्षण किया गया।
इस प्रकार औरंगाबाद जिला अंतर्गत कुल 12 कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि अंकेक्षण किया गया।
अंकेक्षण के क्रम में पाई गई कमियों एवं दिए गए निर्देशों का अनुपालन 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित संस्थानों को दिया गया है। निर्धारित अवधि में निर्देशों का अनुपालन नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कानूनी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।