आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, 73 हजार नकद व तीन चोरी के मोबाइल बरामद, करीब 2.73 लाख का सामान जब्त
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। हाथीदह रेल थाना क्षेत्र के प्लेटफॉर्म पर सोमवार तड़के चलती ट्रेन से चोरी का बैग लेकर उतरने का प्रयास कर रहे एक आदतन चोर को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़हिया वार्ड संख्या-3 निवासी मुकेश सिंह के पुत्र अमित उर्फ मनीष कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से 73 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार किउल और मोकामा आरपीएफ की टीम सोमवार तड़के सादे कपड़ों में ट्रेन संख्या 13121 गाजीपुर-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस में मार्गरक्षण कर रही थी। ट्रेन जब हाथीदह स्टेशन पहुंच रही थी, उसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग का बैग लेकर ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे उतर गया।
संदिग्ध गतिविधि पर आरपीएफ जवानों को शक हुआ। जवानों ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन पर मौजूद मोकामा आरपीएफ और हाथीदह जीआरपी की टीम को दी। सूचना मिलते ही दोनों टीमों ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 73 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल चोरी के हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.73 लाख रुपये है। पुलिस ने सामान को जब्त कर लिया है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मोकामा आरपीएफ निरीक्षक रविन्द्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी ने ट्रेन के एस-3 कोच में यात्रा कर रहे फुलवारी शरीफ स्थित महावीरा अपार्टमेंट निवासी राजीव कुमार का काले रंग का बैग चोरी किया था। राजीव कुमार कोलकाता से पटना की यात्रा कर रहे थे। आरोपी बैग लेकर हाथीदह स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी आरपीएफ टीम की नजर उस पर पड़ गई।
हाथीदह रेल थानाध्यक्ष मुनेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेलवे रिकॉर्ड में आदतन चोर के रूप में हुई है। घटना सोमवार सुबह करीब 3:10 बजे की है। आरोपी के खिलाफ हाथीदह रेल थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से चलती ट्रेन में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी को रेलवे पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले वारदात करता था या उसके साथ कोई अन्य सदस्य भी शामिल है।