मसौढ़ी में मंत्री श्रवण कुमार ने पीएलएस कॉलेज में सेमिनार हॉल का किया उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सरकार छात्रों के बेहतर भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है। वर्ष 2008 में राज्य की 1 लाख 70 हजार छात्राओं को स्कूल जाने के लिए पहली बार साइकिल उपलब्ध कराई गई थी।
मंत्री मंगलवार को मसौढ़ी के जतीचक स्थित पन्नू लाल सिंह महाविद्यालय में आयोजित सेमिनार हॉल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में करीब 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सेमिनार हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ कई नए विश्वविद्यालय खोले गए हैं। इससे राज्य के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में छात्रों के लिए साइकिल योजना शुरू की गई और अब तक करीब 19 लाख से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल चुका है। इसके अलावा पोशाक एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से भी विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है।
श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। बीएड कॉलेजों में सभी विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में केवल किताबी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक एवं सामान्य ज्ञान का विकास भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से पन्नू लाल सिंह महाविद्यालय में सेमिनार हॉल का निर्माण कराया गया है, ताकि विद्यार्थियों को नई जानकारियां एवं विचारों से जुड़ने का अवसर मिल सके।
पूर्व विधायक पूनम देवी ने मंत्री श्रवण कुमार से मसौढ़ी में सरकारी कॉलेज नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए पन्नू लाल सिंह महाविद्यालय को सरकारी कॉलेज का दर्जा दिलाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शासी निकाय की अध्यक्ष डॉ. अनामिका सिंह पटेल ने की। मौके पर एपीयू के कुलपति प्रो. उपेंद्र सिंह, विधायक अरुण मांझी, विधान पार्षद डॉ. अनामिका पटेल, एसडीएम धनराज सिंह, पूर्व विधायक पूनम देवी, पूर्व मुख्य पार्षद पंकज कुमार सिंह, मगध विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गणेश महतो, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. दामोदर सिंह, डॉ. पारसनाथ सिंह (सचिव, शासी निकाय), डॉ. अनिल कुमार सिंह (विश्वविद्यालय प्रतिनिधि), डॉ. कृष्णनंदन प्रसाद (महाविद्यालय निरीक्षक, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय), डॉ. जनार्दन प्रसाद (पूर्व प्राचार्य, जीडीएम कॉलेज हरनौत), प्रतिभा सिंह सहित कई शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।