नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। घोसवरी थाना क्षेत्र के रामनगर मुसहरी में शनिवार को दो लोगों की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया। वहीं एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लग गई।
मृतकों की पहचान रामनगर मुसहरी निवासी प्रकाश मांझी (43) और सुरेश मांझी (45) के रूप में हुई है। वहीं गांव के ही महादेव मांझी (40) का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार दोनों मृतक लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बताया गया कि सुरेश मांझी की मौत हृदयाघात से हुई, जबकि प्रकाश मांझी जॉन्डिस के बाद किडनी संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। दोनों को शुक्रवार को गंभीर स्थिति में पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान प्रकाश मांझी की रात करीब 11 बजे और सुरेश मांझी की रात करीब 12 बजे मौत हो गई। शनिवार सुबह दोनों के शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
इधर, अस्पताल में भर्ती महादेव मांझी के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह डायरिया से पीड़ित हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने रामनगर मुसहरी में जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के आसपास लंबे समय से गंदे पानी का जमाव है, जिसके कारण कई लोग बीमार पड़ रहे हैं। हालांकि, मौतों का कारण जलजमाव है या कोई अन्य बीमारी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घोसवरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि तीनों लोग लंबे समय से बीमार थे और शराब सेवन के भी आदी बताए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया बीमारी के कारण मौत होने की बात सामने आ रही है।
वहीं घोसवरी थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी ने बताया कि परिजनों के अनुसार दोनों मृतक बीमार थे। मृत्यु के बाद परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटाई जा रही है।