बोले- “जब तक शरीर में खून का एक कतरा रहेगा, जनता की सेवा करता रहूंगा”
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नालंदा। जिले के नूरसराय में रविवार को उस समय राजनीतिक उत्साह और जनसैलाब देखने को मिला, जब बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार के पुनः कैबिनेट मंत्री बनने पर जदयू एवं एनडीए कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया। पूरे क्षेत्र में जुलूस, आतिशबाजी, फूलों की वर्षा और नारों के बीच शक्ति प्रदर्शन का माहौल बना रहा।

चौहान मोड़ से शुरू हुए स्वागत जुलूस में दर्जनों घोड़े, जेसीबी मशीनें और भारी संख्या में वाहन शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने करीब तीन क्विंटल फूल बरसाकर मंत्री का अभिनंदन किया। नूरसराय बाजार से लेकर अंधना मोड़ तक हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। “श्रवण कुमार जिंदाबाद” और “नीतीश निशांत जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

मंत्री श्रवण कुमार नूरसराय हिलसा मोड़ से पैदल ही कार्यकर्ताओं के साथ अंधना मोड़ तक पहुंचे और रास्ते भर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने भावुक अंदाज में कहा कि नालंदा और नूरसराय की जनता ने उन्हें आठ बार विधायक और मंत्री बनने का अवसर देकर जो विश्वास जताया है, वह जीवनभर उसके ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा,
“जब तक मेरे शरीर में खून का एक-एक कतरा रहेगा, मैं जनता की सेवा करता रहूंगा। बिहार और नालंदा के विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करता आया हूं और आगे भी करता रहूंगा।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद, जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव सोनी लाल, पूर्व प्रमुख राकेश कुमार, कार्यक्रम संयोजक नवीन कुमार निश्चल, प्रखंड प्रमुख रेखा देवी, बंटी यादव, समाजसेवी बबलू कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू मुखिया, चंद्रभूषण कुशवाहा, डॉ. सुनील दत्त, शैलेन्द्र गराई, सन्नी महतो, अविनाश कुमार उर्फ सिक्कू मुखिया सहित बड़ी संख्या में जदयू एवं एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।