नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार की सुबह अपने पटना स्थित 3, टेलर रोड आवास पर सपरिवार उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मइया से बिहार सहित पूरे देश के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आवासीय परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक माहौल रहा। नितिन नबीन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की उपासना की और देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और पारिवारिक परंपराओं का प्रतीक है। यह अत्यंत सुखद है कि आज की युवा पीढ़ी भी पूरी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ इस महापर्व की परंपराओं को आगे बढ़ा रही है। नई पीढ़ी का अपनी सांस्कृतिक विरासत और रीति-रिवाजों से जुड़ना उसके संरक्षण एवं संवर्धन का सुखद संकेत है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की विशेषता है कि इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान, दोनों स्वरूपों में भगवान सूर्य की उपासना की जाती है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समानता, अनुशासन और लोककल्याण का संदेश देता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहारवासी देश और दुनिया के जिस भी कोने में रहते हैं, वे पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ महापर्व मनाते हैं। यह पर्व विदेशों में रहने वाले बिहारवासियों को भी अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करता है।
उन्होंने छठी मइया से प्रार्थना की कि बिहार सहित देश के सभी नागरिक स्वस्थ एवं निरोग रहें। सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।