नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। झारखंड में पहली बार ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी (एआइओएस) की मिडटर्म राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन हो रहा है। इसके तहत 25 से 27 सितंबर को होटल बीएनआर में आंखों की बीमारी के इलाज की नयी तकनीक और शोध पर मंथन होगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर से 1,000 से अधिक नेत्र रोग विशेषज्ञ, शोधकर्ता और युवा चिकित्सक शामिल होंगे।
विशेषज्ञों को एक मंच पर आने से नवीनतम शोध, आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों का आदान प्रदान होगा। राज्य के युवा चिकित्सकों को सीखने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन का विधिवत उदघाटन 25 सितंबर की शाम को छह बजे होगा, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, स्वास्थ्य सचिव डॉ अजय कुमार सिंह, ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल रहेंगे। इस सम्मेलन में कॉर्निया, लेंस, रेटिना, ग्लूकोमा और दृष्टि दोष की बीमारी के इलाज पर चर्चा होगी
पहली बार झारखंड में एआइओएस का राष्ट्रीय सम्मेलन में ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ भारती कश्यप ने बताया कि झारखंड में पहली बार इतना बड़ा एआइओएस का राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस होने जा रहा है। कार्यक्रम में आइएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दीपक घर चौधरी भी शामिल होंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ बीपी कश्यप ने बताया कि इस सम्मेलन से राज्य के नेत्र विशेषज्ञों को लाभ मिलेगा। नयी तकनीक की जानकारी लेकर डॉक्टर गुणवत्तापूर्ण इलाज कर पायेंगे।