नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज परियोजना निदेशक, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में औरंगाबाद जिले से उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपमा सिंह, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. रविरंजन तथा एआरटी केंद्र के डाटा मैनेजर ओम प्रकाश सिंह शामिल हुए।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रथम 95, द्वितीय 95 एवं तृतीय 95 लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत समीक्षा की गई। परियोजना निदेशक द्वारा निर्देश दिया गया कि जिले में एचआईवी संक्रमण से प्रभावित व्यक्तियों की अधिकाधिक पहचान सुनिश्चित करने के लिए चिन्हित उच्च जोखिम वाले समूहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में दिन एवं रात्रि स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किया जाए।
साथ ही, चिन्हित एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जोड़ने, उपचार की निरंतरता बनाए रखने तथा गर्भवती महिलाओं से शिशुओं में एचआईवी संक्रमण के संचरण (Prevention of Parent-to-Child Transmission) की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभिन्न सहयोगी संस्थाओं एवं विकास साझेदारों के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता, जांच, परामर्श एवं उपचार संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि जिले में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।