जब प्रगणक आपके घर सर्वे हेतु आएं, तो उन्हें पूर्ण सहयोग करें प्रदान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी अभिलाषा शर्मा के मार्गदर्शन में भारत की जनगणना 2027 का कार्य जिले में सुव्यवस्थित एवं चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है।
प्रथम चरण के अंतर्गत दिनांक 17 अप्रैल से 01 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें औरंगाबाद जिले के कुल 01 लाख 64 हजार परिवारों द्वारा स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराई गई। यह सहभागिता जिलेवासियों की जागरूकता एवं सहयोग की भावना को दर्शाती है।

द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 02 मई से 31 मई 2026 तक हाउस-टू-हाउस सर्वे का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस कार्य में जिले के लगभग 5031 प्रगणक (Enumerators) सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रहे हैं तथा मकानों का चिन्हांकन (मार्किंग) भी किया जा रहा है।
इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले की वास्तविक जनसंख्या एवं परिवारों से संबंधित सटीक एवं अद्यतन आंकड़े संकलित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा सभी जिलावासियों से अपील की जाती है कि जब प्रगणक आपके घर सर्वे हेतु आएं, तो उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जिन परिवारों द्वारा पूर्व में स्व-गणना की जा चुकी है, वे केवल अपनी Self Enumeration ID उपलब्ध कराएं, ताकि दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन कर उसे शीघ्र फ्रीज किया जा सके।
जनगणना कार्य में संलग्न सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समयावधि के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण करने हेतु प्रतिबद्ध हैं।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद पुनः सभी नागरिकों से आग्रह करता है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा प्रगणकों को सही, पूर्ण एवं सत्य जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।