नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में दिव्यांग खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पैरा ओलंपिक स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर तथा जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं आवश्यक खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

एसोसिएशन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली खेल प्रशिक्षण एवं अन्य सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क होंगी, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी दिव्यांग खिलाड़ी खेल गतिविधियों से वंचित न रहे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला खेल पदाधिकारी कुमार पप्पु राज, सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग प्रियंका कुमारी एवं सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग महेश आनंद ने पैरा ओलंपिक स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर एवं जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पहल जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर औरंगाबाद का नाम रोशन करने का अवसर प्रदान करेगी।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी इच्छुक दिव्यांग खिलाड़ियों से इस पहल का लाभ उठाकर खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।