नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के तिताई बिगहा गांव में घटी एक अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गांव निवासी राजकुमार मिस्त्री के 9 वर्षीय पुत्र आर्या कुमार तथा अनीश मेहता के 6 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार की बटाने नदी के गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे नदी किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद नदी की ओर चली गई। गेंद लाने के क्रम में तीन बच्चे पानी में उतर गए, लेकिन गहरे गड्ढे में चले जाने से वे डूबने लगे। किसी तरह गुड्डू कुमार अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया, जबकि आर्या कुमार और शिवम कुमार को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्चों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष के तहत अविलंब उचित मुआवजा एवं हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।