नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। मोको के ब्राह्मण टोला में शुक्रवार की रात सोलह आना कमेटी की ओर से बांग्ला जात्रा ‘भगवानेर शेष विचार’ का मंचन किया गया. इसमें शिक्षा के महत्व और उसे आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया. स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. रामकींकर आचार्य के निर्देशन में हुए मंचन की लोगों ने सराहना की. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि धनबाद सांसद ढुलू महतो ने फीता काटकर किया. इस दौरान उन्होंने बांग्ला जात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बांग्ला भाषा को द्वितीय भाषा की मान्यता मिलनी चाहिए.
सरकार को इस दिशा में पहल करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को संसद में उठाने का प्रयास करेंगे. जात्रा के निर्देशक रामकींकर आचार्य ने कहा कि पहले इस क्षेत्र में बांग्ला जात्रा मनोरंजन का प्रमुख माध्यम हुआ करती थी. समय के साथ मनोरंजन के साधनों में बदलाव और स्मार्टफोन के बढ़ते चलन के कारण यह पारंपरिक कला धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है. उन्होंने कहा कि बांग्ला जात्रा की परंपरा को जीवित रखने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में इसका मंचन जरूरी है. युवाओं को भी इस कला से जोड़ने के लिए प्रेरित करना होगा.
सनातन में प्रकाश आचार्य, राजीव लोचन आचार्य, संपद आचार्य, प्रशांत आचार्य, तारन, तारकनाथ ख्वास, गोवर्धन बनर्जी, कौशिक बनर्जी, उज्ज्वल बनर्जी, सोमेन बनर्जी और अभिजीत बनर्जी सहित अन्य कलाकारों ने अभिनय किया. मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, रामदेव पांडेय, आशीष मुखर्जी, दीपक गोप तथा आयोजन में सहयोग करने वाले नयन ठाकुर, गौरव, रमेश गोप, जय बनर्जी और कंसारी मंडल सहित कई लोग उपस्थित थे.