नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बसौरा/पीतांबरपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड के बसौरा गांव में शहीद जवान जितेंद्र सिंह चेरो की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जायेगा. पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने शुक्रवार को स्थानीय परिसदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी.
विधायक डॉ मेहता ने बताया कि शहीद जितेंद्र सिंह चेरो चेरो समाज से थे और बसौरा गांव के निवासी थे. उन्होंने देश की रक्षा करते हुए 25 मार्च 1991 को कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सर्वोच्च बलिदान दिया था. विधायक ने कहा कि देश के लिए जान न्योछावर करने वाले इस वीर जवान को शहादत के बाद अपेक्षित सम्मान और पहचान नहीं मिल सकी. उनकी शहादत की जानकारी मिलने के बाद स्मृति को अक्षुण्ण रखने और सम्मान देने के उद्देश्य से आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने का निर्णय लिया गया.
विधायक ने बताया कि बसौरा गांव में इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप शहीद जितेंद्र सिंह चेरो की भव्य आदमकद प्रतिमा बनायी गयी है. 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर विधिवत प्रतिमा का अनावरण होगा. इसका उद्देश्य नयी पीढ़ी को शहीद जवान के बलिदान से परिचित कराना और उनमें देशभक्ति की भावना जागृत करना है.
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह शामिल होंगे. इसके अलावा जनजातीय समाज के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, शिवकुमार मिश्रा, लाला प्रसाद यादव, शुभम प्रसाद, अर्जुन सिंह, रामराज सिंह और शंखनाथ सिंह चेरो सहित अन्य लोग मौजूद थे.