नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। खनिज पदार्थों का अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाएं जा रहे विशेष अभियान के फलस्वरूप खनन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को कार्रवाई के फलस्वरूप अवैध कोयला तस्करी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया गया है। इस दौरान तीन अवैध कोयला लदा ट्रक और एक नेक्सॉन कार जब्त कर दो लाइनर को गिरफ्तार किया गया है। मामले में विभाग ने संबधित वाहनों पर करीब 50 लाख रूपये का जुर्माना लगाया है। पकड़े गए लाइनर की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के महुआवां गांव निवासी कौशल कुमार उर्फ गोल्डन कुमार एवं नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया निवासी गौतम कुमार के रूप में की गयीं है। यह कार्रवाई खान एवं भूतत्व विभाग के सहायक निदेशक विकास कुमार के निर्देश पर खान निरीक्षक राजू कुमार के नेतृत्व में बारुन थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट के समीप की गयीं।
खान निरीक्षक राजू कुमार ने बताया कि खनन विभाग और बारुन पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर देर रात गश्ती के दौरान संदिग्ध एक ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक पुलिस को देख सड़क किनारे ट्रक खड़ी कर फरार हो गया। तलाशी के क्रम में ट्रक से अवैध कोयला पाया। इसी क्रम में दो अन्य ट्रक को चेकपोस्ट पर पास करवाने की सूचना मिली। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया। जबकि चालक फरार हो गए। इस दौरान नेक्सॉन कार सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गयी तथा उनके फ़ोन में व्हॉट्सऐप से पता चला, ये सभी आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए है। इनका एक संगठित गिरोह है। गिरोह में इन दोनों के अलावा खान साहेब, सुनील यादव एवं नरेश यादव नामक व्यक्ति शामिल है जिनके बीच व्हाट्सएप के माध्यम से पैसों की लेनदेन से संबंधित बात चित हुई है। तत्पश्चात दोनों लाइनर को हिरासत में लेकर थाना लाया है।
खान निरीक्षक ने बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है, जो पदाधिकारियों को आगे पीछे रेकी करते है और अवैध कारोबार को अंजाम देते है। पकड़े गए तीनों वाहनों के चालक या मालिक ने अब तक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया है। उन्होंने बताया कि अवैध खनन परिवहन तथा भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस जद में जो भी पकड़े जाएंगे। उनके विरुद्ध सख़्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में जब्त सभी वाहनों और लाइनरों को बारून पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इधर, बारून थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि अवैध कोयला लदा तीन ट्रक जब्त किया गया है। मामले में गिरफ्तार दोनों लाइनर को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया। तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में खान निरीक्षक मिथुन कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी सहित सशस्त्र बल शामिल थे।