नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मुजफ्फरपुर। छुट्टी पर घर आए मर्चेंट नेवी के जवान को दोस्त को छुड़ाने के दौरान गोली मार दी गई। गोली जांघ में लगी और आर-पार हो गई। घटना के बाद घायल जवान ने पहले निजी स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया और घर चले गए। शुक्रवार पुलिस को जानकारी मिलने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी ट्रांसपोर्टर के बेटे अभिजीत कुमार सिंह उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अभिजीत ने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर रात उनके दोस्त रंजीत कुमार ने फोन कर सूचना दी कि एक अन्य दोस्त आदित्य को कुछ लोगों ने लीची गाछी में बंधक बनाकर पीट रहे हैं। सूचना मिलने के बाद अभिजीत और रंजीत बाइक से लीची गाछी पहुंचे। वहां से आदित्य को साथ लेकर दोनों वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि आर्यभट्ट स्कूल के पास पहुंचने पर अनुराग, निखिल और राजू वहां पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान राजू ने गोली चलानी शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली अभिजीत की जांघ में लगी और आर-पार हो गई। गोली लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद अभिजीत ने देर रात प्राथमिक उपचार कराया और घर चले गए। शुक्रवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपितों की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।