नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिला के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा-बनरसिया गांव में एक महिला और पुरुष छत पर सो रहे थे। रात में किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय मणिभूषण कुमार और 40 वर्षीय ननकी देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों जब छत पर सो रहे थे तो कुछ बदमाश घर की छत पर पहुंचे और दोनों को गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर ननकी देवी के पुत्र अभिषेक कुमार की नींद खुल गई। अभिषेक के मुताबिक, रात करीब तीन बजे छत से गोली चलने की आवाज आई। वह तुरंत कमरे से बाहर निकला तो कुछ लोगों को अंधेरे में छत से नीचे उतरते देखा। अपराधी दरवाजा खोलकर मौके से फरार हो गए। छत पर पहुंचने पर अभिषेक ने अपनी मां और मणिभूषण को मृत पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दो लोगों की हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया गया है कि ननकी देवी और मणि भूषण कुमार बेदा मोड़ के समीप वेबीज भंडार की दुकान चलाते थे। दोनों के चार बच्चे हैं। इनमें दो बेटे अभिषेक कुमार और सन्नी कुमार तथा दो बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, दंपति ने अपनी एक बेटी की शादी कर दी थी, जबकि दूसरी बेटी अभी अविवाहित है। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिन्द की करीब पांच साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद ननकी देवी ने अपने देवर मणि भूषण कुमार के साथ मिलकर बेदा मोड़ के पास ‘वेज कॉर्नर’ नाम से भोजनालय शुरू किया था। भोजनालय चलाने के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए। इसके बाद दोनों काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और बाद में उन्होंने विधिवत शादी कर ली थी।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।