50 मीटर सरफेस फिनस्विमिंग में 21.01 सेकेंड का समय, अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। औंटा गांव निवासी और भारतीय सेना में तैनात मेजर आशीष रंजन ने पुणे में आयोजित नेशनल फिनस्विमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने मास्टर V0 पुरुष वर्ग की 50 मीटर सरफेस फिनस्विमिंग स्पर्धा में 21.01 सेकेंड का समय दर्ज कर नया राष्ट्रीय टाइमिंग रिकॉर्ड कायम किया।
खास बात यह रही कि मेजर आशीष रंजन ने अपना ही पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर इस उपलब्धि को हासिल किया। उन्होंने पिछले वर्ष इसी स्पर्धा में 23.85 सेकेंड का समय दर्ज कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इस बार अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए उन्होंने 21.01 सेकेंड का समय दर्ज किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद आशीष रंजन ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने मिस्र (Egypt) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर देश का गौरव बढ़ाया था।
इस वर्ष पुणे में एक बार फिर अपने प्रदर्शन को निखारते हुए उन्होंने पुराने रिकॉर्ड में सुधार किया और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। उनकी इस उपलब्धि से औंटा गांव सहित पूरे मोकामा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों ने कहा कि आशीष रंजन की यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। सेना की जिम्मेदारियों के साथ खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर उन्होंने युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।