नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मदनपुर थाना क्षेत्र के पिपरौरा गांव स्थित केशहर नदी में एक वृद्ध व्यक्ति डूब गया। जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता वृद्ध की पहचान उक्त गांव निवासी 70 वर्षीय रामनरेश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोग भी नदी में उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।
बताया जाता है कि रामनरेश सिंह केशहर नदी के पास गए थे। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से नदी में उनकी तलाश शुरू की। शनिवार की सुबह से ही गोताखोरों की मदद से पता लगाया जा रहा है, काफी प्रयास के बावजूद उनका पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस को दी गई। इसके बाद बचाव दल की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आने की बात सामने आ रही है। परिजन और ग्रामीण लगातार रामनरेश सिंह के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण केशहर नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी में तेज धार बह रही है। ऐसे में नदी के आसपास जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इधर रामनरेश सिंह के लापता होने की खबर से गांव में भी चिंता का माहौल है।
परिजन नदी के किनारे टकटकी लगाए उनकी तलाश का इंतजार कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक रामनरेश सिंह का कोई सुराग नहीं मिला था और तलाश अभियान जारी था। इधर मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि रामनरेश सिंह की डूबने की सूचना मिली है। सूचना के बाद तलाश अभियान जारी है। अभी तक सुराग हासिल नहीं हो सकी है।