शिक्षिका की पुण्यतिथि पर पुत्र ने विद्यालय को एसी किया भेंट
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विद्वता की अलख जगाने वाली शिक्षिका अनीता सिन्हा की प्रथम पुण्यतिथि गुरुवार को शहर के पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस मौके पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, लोक अभियोजक अजय कुमार संतोष, दिवंगत शिक्षिका के पुत्र बिहार सरकार के अधिकारी प्रशांत कुमार, वरीय अधिवक्ता उदय कुमार सिन्हा, पीकू सिंह, राकेश श्रीवास्तव, मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रकाश सिन्हा आदि उपस्थित रहे।
पुण्यतिथि समारोह की शुरुआत प्रशिक्षु राखी द्वारा गाए राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम एवं उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दिवंगत शिक्षिका के पुत्र ने विद्यालय परिवार को अपनी मां की याद में एक एसी प्रदान किया। पूर्व सांसद ने शिक्षिका अनीता सिन्हा को मां के रूप में स्मृत करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया और उन्हें ममता, वात्सल्य एवं करुणा की प्रतिमूर्ति बताया।
उन्होंने कहा कि एक पुत्र के द्वारा अपनी मां के प्रति व्यक्त किया गया स्नेह काफी अनुकरणीय है और यह कृत बच्चों के मस्तिष्क पर भी अमिट छाप छोड़ेगी। इस अवसर पर जिला पुलिस बल के जवान अनिकेत कुमार को विद्यालय में उनके द्वारा प्रदान किया जा रहे गुणवत्तापूर्ण शिक्षण हेतु प्रथम अनीता सिन्हा स्मृति शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय के विकास में समुदाय का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है इस कड़ी में प्रशांत कुमार द्वारा भेंट किए गए एसी स्मार्ट क्लास के लिए उपयोगी साबित होगा तथा इस अमूल्य उपहार के लिए आभार व्यक्त किया। प्रशांत कुमार ने मां को याद करते हुए कहा कि माँ के मोहब्बत का कोई मौसम नहीं होता है। ये वो रिश्ता है जो कभी कम नहीं होता।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका रीता कुमारी, शिवांशी सिंह, योगेंद्र कुमार पाल, ज्योति मौर्या की भी भूमिका रही।