नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान उन्हें वहां की संसद द्वारा सर्वोच्च संसदीय सम्मान से सम्मानित किया गया। इजरायल के प्रधानमंत्री द्वारा अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी को “एशिया का शेर” बताते हुए उन्हें केवल मित्र ही नहीं बल्कि अपना भाई कहना, भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का स्पष्ट प्रमाण है। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के आत्मविश्वास, सामर्थ्य और नेतृत्व क्षमता का सम्मान है।
भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने इस ऐतिहासिक क्षण पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है। आज विश्व के शक्तिशाली राष्ट्र भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहते हैं। यह भारत की कूटनीतिक सफलता, दृढ़ नेतृत्व और वैश्विक विश्वास का परिणाम है।
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिला यह सम्मान भारत-इजरायल के प्रगाढ़ संबंधों का प्रतीक है। दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग निरंतर बढ़ रहा है। आज भारत विश्व राजनीति में निर्णायक भूमिका निभा रहा है और यह सब प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।