पोलियो उन्मूलन अभियान को लेकर एकमा में निकाली गई जागरूकता रैली
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
एकमा (सारण)। 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो विशेष अभियान के तहत शनिवार को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। इस अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।
रैली का नेतृत्व सीएचसी एकमा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार एवं डॉ. इरफान अहमद ने किया। इस दौरान प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर, प्रखंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, बीसीएम प्रियंका कुमारी, हेल्थ एजुकेटर विनोद चौधरी, लेखपाल ब्रजेश कुमार सिंह, हाउस कीपिंग सुपरवाइजर परवेज अख्तर सहित बड़ी संख्या में एएनएम, स्वास्थ्य कर्मी एवं आशा कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह जागरूकता रैली प्रखंड मुख्यालय से निकलकर नगर पंचायत एकमा बाजार एवं ब्लॉक रोड होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण की। रैली के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक करते हुए अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की।
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 30 सुपरवाइजर एवं 101 टीमें कार्य करेंगी। सभी टीमों को घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। अभियान के दौरान प्रत्येक बच्चे को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई जाएगी, जिससे पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सके।
एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य दिलवाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पोलियो मुक्त समाज का निर्माण संभव है।