नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन नदी के उफान के बाद पुनपुन घाट स्थित रेलवे ब्रिज की सुरक्षा को लेकर तारेगना जीआरपी अलर्ट मोड पर है। बाढ़ का पानी ब्रिज के पिलर तक पहुंचने के बाद जीआरपी ने सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे निगरानी शुरू कर दी है।
जीआरपी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि वरीय रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ब्रिज की सुरक्षा के लिए विशेष टीम की तैनाती की गई है। जीआरपी और आरपीएफ के जवान दिन-रात ब्रिज पर तैनात रहकर बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रख रहे हैं। सुरक्षा कारणों से रेलवे ने डाउन लाइन पर परिचालन बंद कर दिया है, जबकि अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए 10 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द तथा 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। वहीं, कुछ लोग खतरे की परवाह किए बिना रेलवे ट्रैक और ब्रिज पर सेल्फी लेने पहुंच रहे हैं। जीआरपी ऐसे लोगों को मौके से हटा रही है।
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान रेलवे ट्रैक और ब्रिज पर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि तेज बहाव और रेलवे ब्रिज की स्थिति को देखते हुए वहां जाना जानलेवा साबित हो सकता है।