समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने पर जोर, LAEO के कार्यपालक अभियंता की अनुपस्थिति पर डीएम ने जताई नाराजगी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। दाउदनगर स्थित टाउन हॉल के जीर्णोद्धार एवं उन्नयन कार्य को गति देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने शुक्रवार को टाउन हॉल का स्थल निरीक्षण कर चल रहे रेनोवेशन कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से काम पूरा कराने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन को टाउन हॉल के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) को आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि टाउन हॉल के जीर्णोद्धार में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्य में अपेक्षित गति बनाए रखने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जीर्णोद्धार कार्य का उद्देश्य दाउदनगर के नागरिकों को बेहतर, उपयोगी एवं सुविधायुक्त सार्वजनिक परिसर उपलब्ध कराना है। ऐसे में कार्य की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) के कार्यपालक अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यपालक अभियंता की अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करते हुए संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन एवं योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि टाउन हॉल के जीर्णोद्धार कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।