पुलिस के निशान वाली पल्सर, दो मोबाइल, सोने की चेन, खंजर, रॉड और तीन हजार रुपये बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के फोरलेन पर सुनसान स्थानों में बाइक सवारों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो मोबाइल, एक सोने की चेन, धारदार खंजर, तीन हजार रुपये नकद, रॉड और डंडा बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसके नंबर प्लेट पर पुलिस का निशान लगा हुआ था।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि फोरलेन पर लगातार हो रही लूट की घटनाओं के बाद पुलिस टीम गिरोह की तलाश में जुटी थी। सादे लिबास में पुलिसकर्मी इलाके में लगातार निगरानी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोर पश्चिमी वार्ड संख्या-7 निवासी सुनील सिंह के पुत्र सत्यम कुमार (20), मोर पूर्वी वार्ड संख्या-6 निवासी सतीश प्रसाद सिंह के पुत्र निराला कुमार (25) और मोर पूर्वी वार्ड संख्या-6 निवासी संटू कुमार के पुत्र शिवगंगा कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य मोर और शिवनार के बीच फोरलेन के सुनसान हिस्से में अकेले बाइक से गुजरने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। कुछ दिन पूर्व भी गिरोह के सदस्यों ने एक व्यक्ति से करीब 15 हजार रुपये लूटे थे। पूछताछ में आरोपितों ने फोरलेन पर हुई कई अन्य लूट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस को लूट के शिकार एक व्यक्ति से बदमाशों के हुलिये और पल्सर मोटरसाइकिल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी।
गुरुवार देर रात थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस टीम के साथ सादे लिबास में इलाके में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध एक अन्य बाइक सवार को निशाना बनाने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर तीनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से लूट का सामान और हथियार बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में फोरलेन पर हुई लूट की कई घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।