नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के प्रथम उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री, प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी तथा जननायक डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती गुरुवार को सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय के छात्रावास परिसर में श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने की। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक अमित कुमार, सहायक प्राध्यापक बहादुर भीम कुमार सिंह, शशिकांत कुमार, सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मिश्रा ने कहा कि डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने बिहार के विकास और स्वतंत्रता संग्राम में जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके त्याग, नेतृत्व क्षमता तथा बिहार के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि जनसेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास के विद्यार्थियों ने डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह के आदर्शों पर चलने तथा समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने महान जननायक को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में छात्रावास के सभी छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।