चेयरमैन सी.एस शेट्टी ने चार ई-कार्ट वाहन, एक एंबुलेंस और 20 स्कूलों को आरओ सिस्टम, सैनिटरी पैड डिस्पेंसर व इंसिनरेटर किए समर्पित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत देवघर में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनसुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को एसबीआई के चेयरमैन सी.एस शेट्टी ने चार ई-कार्ट वाहन, एक एंबुलेंस तथा देवघर के 20 विद्यालयों के लिए आरओ सिस्टम, सैनिटरी पैड डिस्पेंसर मशीन और इंसिनरेटर प्रदान किए। इस अवसर पर बाबाधाम शाखा का भी लोकार्पण किया गया।
एसबीआई पटना मंडल एवं देवघर अंचल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किए गए ई-कार्ट का उद्देश्य वैसे मरीजों और उनके परिजनों को सुविधा उपलब्ध कराना है, जो देवघर एम्स इलाज के लिए आते हैं और चलने-फिरने में असमर्थ होते हैं। वहीं, एंबुलेंस का उपयोग झारखंड आर्म्ड पुलिस के माध्यम से मरीजों की सहायता के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एसबीआई चेयरमैन सी.एस शेट्टी ने ई-कार्ट एवं एंबुलेंस की सांकेतिक चाबी एम्स के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल अभिक दास तथा जाप कमांडेंट अंजनी अंजन को सौंपी। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार को विद्यालयों के लिए आरओ सिस्टम, सैनिटरी पैड डिस्पेंसर मशीन एवं इंसिनरेटर प्रदान किए गए।
विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए आरओ सिस्टम से विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। वहीं, सैनिटरी पैड डिस्पेंसर मशीन और इंसिनरेटर से छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस पहल से विद्यालयों में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और छात्राओं की सुविधा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर एसबीआई चेयरमैन सी.एस शेट्टी ने बैंक की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए एसबीआई की सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि समाज की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बैंक की ओर से जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्री शेट्टी के करकमलों द्वारा बाबाधाम शाखा का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर एसबीआई पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी, महाप्रबंधक (झारखंड नेटवर्क) बेनुधर पाढी एवं उप महाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने सीएसआर के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।