नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार की देर शाम शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अल्टो कार से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने मौके से कार चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार का मालिक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बरामद शराब और कार को जब्त कर पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, फरार कार मालिक की पहचान रमेश कुमार यादव, पिता सोनू यादव, निवासी नीमा गांव, मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रमेश यादव मगध मेडिकल अस्पताल परिसर में एसआरएल नामक कंपनी का संचालन करता है। साथ ही वह अस्पताल अधीक्षक का डीलिंग क्लर्क भी बताया जा रहा है। पुलिस हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ कर शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में रमेश यादव की कंपनी के कर्मचारियों पर खून बेचने के आरोप में मगध मेडिकल थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अब शराब बरामदगी के मामले में संबंधित अल्टो कार का नाम सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस फरार कार मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने के साथ पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।