नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बहुमूल्य रत्नों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास की गई छापेमारी में पुलिस ने करीब 1 किलो 95 ग्राम पन्ना बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद पन्ना की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। ग्रामीण एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास दो दोपहिया वाहनों के साथ खड़े तीन संदिग्धों को घेर लिया।
पुलिस को देखते ही तीनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी *विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1 किलो 95 ग्राम पन्ना बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर, सिद्धेश्वर कालिन्दी और स्नेहाशिष मंगराज तीनों पूर्वी सिंहभूम निवासी, के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार विनय पातर के खिलाफ पहले से गुड़ाबांदा थाना में खनिज तस्करी और चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में बहरागोड़ा थाना में भारतीय न्याय संहिता , भारतीय वन अधिनियम, पुरावशेष एवं बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।