हादसा या साजिश? प्रधानाध्यापक के प्रभार विवाद से जोड़कर देख रहा परिवार, पुलिस जांच में जुटी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
आरा (भोजपुर)। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले 55 वर्षीय सरकारी शिक्षक चंद्र किशोर मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चंद्र किशोर मिश्रा बड़हरा प्रखंड के बिराहिमपुर कर्जा स्थित रामचंद्र सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी वह समय पर घर से विद्यालय जाने के लिए निकले थे। कुछ देर बाद उनके सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली, लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का कहना है कि प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना बताया जा रहा है, लेकिन शिक्षक के शरीर पर मिले चोट के निशान कई सवाल खड़े कर रहे हैं। परिवार का आरोप है कि यह सामान्य एक्सीडेंट नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या भी हो सकती है।
परिजनों ने बताया कि विद्यालय में प्रधानाध्यापक के प्रभार को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के कारण चंद्र किशोर मिश्रा को साजिश का शिकार बनाया गया हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ ही दिन पहले चंद्र किशोर मिश्रा की पत्नी का भी निधन हो गया था। अभी परिवार उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब शिक्षक की मौत की खबर ने उनके बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया छीन लिया। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा थाना प्रभारी चुनमुन कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिक्षक की मौत वास्तव में सड़क हादसे का परिणाम है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।